ई-रिक्शा से बाइक की भिड़ंत में सहायक अध्यापक की मौत, पत्नी घायल
हमीरपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जलालपुर मार्ग पर सरसई गांव के पास गुरुवार को एक बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार एक सहायक अध्यापक की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के अनुसार राठ कस्बा निवासी रमेशचंद्र अहिरवार (34) चिल्ली गांव स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक है। उनकी पत्नी रश्मि भी खरेंहटामाफ गांव के प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक है। गुरुवार को दोनों बाइक से अपने अपने स्कूल जा रहे थे। राठ जलालपुर मार्ग पर सरसई गांव के पास अचानक से एक ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार दंपति घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ० अंजुम निरंजन ने रमेश को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। उरई में रमेश चंद्र अहिरवार की मौत हो गई। रश्मि को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। रमेश के सिर पर गंभीर चोटें आईं थी। उरई पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। शिक्षक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। रमेश चंद्र अहिरवार अपने पीछे पत्नी रश्मि, पुत्र गोलू और पुत्री रिया को छोड़ गए हैं। कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि हादसे में सहायक अध्यापक की मौत हुई है वहीं उसकी पत्नी घायल हो गई है। जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

