विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश


औरैया, 13 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने आवंटित दायित्वों की कार्ययोजना तत्काल तैयार कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करें। बैठक में मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा वीडियो निगरानी टीमों के गठन की समीक्षा की गई।

इसके साथ ही ईवीएम और वीवीपैट की उपलब्धता, रेंडमाइजेशन, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम, निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं वितरण, वाहनों के अधिग्रहण, ईंधन की उपलब्धता और परिवहन व्यवस्था पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, निर्वाचन व्यय निगरानी, डाक मतपत्रों, ईटीपीबीएस, मीडिया सेंटर और एमसीएमसी की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसपी अभिषेक भारती, सीडीओ राम कृपाल चौधरी, एडीएम अविनाश चंद्र मौर्य, एएसपी आलोक मिश्रा, डीएफओ सीपी सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story