विधानसभा निर्वाचन में नगदी एवं शराब के वितरण पर रहेगी कड़ी नजर : मुख्य निर्वाचन अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा निर्वाचन में नगदी एवं शराब के वितरण पर रहेगी कड़ी नजर : मुख्य निर्वाचन अधिकारी


लखनऊ, 12 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए नगदी एवं शराब के वितरण पर निर्वाचन आयोग की कड़ी नजर रहेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने नगदी, शराब, मादक पदार्थों, बहुमूल्य धातुओं तथा मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से वितरित की जाने वाली वस्तुओं के अवैध परिवहन एवं वितरण पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को योजना भवन, लखनऊ में केन्द्र एवं राज्य सरकार की 23 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रवर्तन एजेंसियों को निर्वाचन के दृष्टिगत अभी से सक्रिय एवं सतर्क रहते हुए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को धनबल एवं प्रलोभन से मुक्त रखना भारत निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

नवदीप रिणवा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित चेक पोस्टों पर सघन जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। बैंक खातों में असामान्य रूप से बड़ी धनराशि जमा होने एवं निकासी तथा अन्य संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की भी प्रभावी निगरानी की जाए।

उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की कुल 23 प्रवर्तन एजेंसियां निर्वाचन व्यय की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इनकम टैक्स, प्रवर्तन निदेशालय (ED), राज्य जीएसटी, केन्द्रीय जीएसटी, कस्टम, राज्य नागरिक उड्डयन, रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया, राज्य स्तरीय बैंकर समिति, सशस्त्र सीमा बल, पुलिस, आबकारी, फॉरेस्ट, परिवहन, रेलवे, राजस्व अभिसूचना निदेशालय, सहकारिता सहित सभी संबंधित विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें।

बैठक में ईडी के उपनिदेशक पीयूष, संयुक्त आयुक्त आयकर भारत सरकार अमित कुमार सिंह चौहान, नॉरकोटिक्स क्षेत्रीय निदेशक श्रीपत पाण्डेय, राजस्व अभिसूचना निदेशालय के अपर निदेशकसंदीप कुमार सिंह, सीजीएसटी अपर आयुक्त पीयूष कटियार, अपर आयुक्त कस्टम जितेन्द्र सिंह, सशस्त्र सीमा बल कमांडेंट अरविंद कुमार वर्मा सहित विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story