एएसपी ने महिला, साइबर और एएचटीयू थाने का औचक निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
एएसपी ने महिला, साइबर और एएचटीयू थाने का औचक निरीक्षण किया


औरैया, 26 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक मिश्रा ने साेमवार काे महिला थाना, साइबर थाना और एएचटीयू थाना का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने थाना परिसरों, कार्यालयों, हवालात, बैरकों, शस्त्रागार, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर और कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों एवं रजिस्टरों के रख-रखाव और पुलिस व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। संबंधित थाना प्रभारियों और कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। एएसपी ने साइबर थाने में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनका त्वरित निस्तारण करने को कहा। महिला थाने में आने वाली पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

एएचटीयू टीम को क्षेत्र में सक्रिय रहकर बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और थाना परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story