अश्विन अमावस्या मेले के लिए दो मेला स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

WhatsApp Channel Join Now
अश्विन अमावस्या मेले के लिए दो मेला स्पेशल ट्रेनें चलेंगी


9 से 11 अक्टूबर तक झांसी से चित्रकूट धाम कर्वी के बीच होगा संचालन

बांदा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। चित्रकूट धाम कर्वी में अश्विन अमावस्या मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 9 से 11 अक्टूबर तक झांसी से चित्रकूट धाम कर्वी के बीच दो मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा बांदा-झांसी मेमू ट्रेन का संचालन भी जरूरत के मुताबिक चित्रकूट धाम कर्वी तक बढ़ाया जाएगा। रेलवे की इस व्यवस्था से बांदा, खैराडा, अतर्रा, बदौसा, भरतकूप और शिवरामपुर समेत विभिन्न स्टेशनों से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

पहली स्पेशल ट्रेन शाम 5.45 बजे पहुंचेगी कर्वी

रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहली मेला स्पेशल ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से सुबह 10.10 बजे रवाना होगी। यह दोपहर 3.25 से 3.30 बजे के बीच बांदा पहुंचेगी। इसके बाद डिंगवही, खुरहंड, अतर्रा, बदौसा, भरतकूप और शिवरामपुर स्टेशनों पर ठहरते हुए शाम 5.45 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी।

वापसी में यह ट्रेन चित्रकूट धाम कर्वी से शाम 7.25 बजे रवाना होगी। रात 8.50 से 8.55 बजे के बीच बांदा पहुंचने के बाद रात एक बजे झांसी पहुंचेगी।

दूसरी ट्रेन तड़के तीन बजे पहुंचेगी चित्रकूट

दूसरी मेला स्पेशल ट्रेन झांसी से रात 8.10 बजे रवाना होगी। अगले दिन तड़के 1 से 1.05 बजे के बीच बांदा पहुंचकर सुबह 3.05 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सुबह 4.40 बजे कर्वी से रवाना होगी और सुबह 6.45 से 6.50 बजे के बीच बांदा पहुंचेगी।

बढ़ी भीड़ तो अतिरिक्त रैक की भी व्यवस्था

उत्तर मध्य रेलवे के झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार 9 से 11 अक्टूबर तक ट्रेन संख्या 64613/64614 झांसी-बांदा मेमू को भी यात्रियों की जरूरत के अनुसार चित्रकूट धाम कर्वी तक विस्तारित किया जाएगा। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त रैक भी तैयार रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इसका संचालन कानपुर-चित्रकूट के बीच किया जा सकेगा। रेलवे की इस व्यवस्था का उद्देश्य मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना और भीड़ के दबाव को कम करना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story