कार्यकाल पूरा होते ही प्रधानों में भुगतान कराने की लगी होड

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकाल पूरा होते ही प्रधानों में भुगतान कराने की लगी होड


सोमवार से प्रधानों की पंचायतों में जाकर जांच की जाएगी : एडीओ पंचायत

हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर विकास खंड में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने में महज 03 दिन का फासला बचा है। कुर्सी जाते देखकर प्रधान पंचायतों के बजट को ठिकाने लगाने में जुट गए हैं। पिछले सप्ताह में लाखों रुपये के ताबड़तोड़ भुगतान हुए। इनमें कई भुगतान संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं निर्माण कार्यों के अलावा कुछ ऐसे भुगतान किए गए जो गले नहीं उतर रहे हैं। पंचायत सचिव भुगतानों पर चुप्पी साधे हुए हैं।

मौजूदा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त होने जा रहा है शासन प्रशासक तैनात करने की तैयारी में है। कुर्सी खिसकते देखकर मौजूदा प्रधान पंचायत के बजट को ठिकाने लगाने में जुट गए हैं। पिछले एक सप्ताह में पंचायतों में लाखों रुपये के भुगतान किए हैं। इनमें निर्माण कार्यों के साथ तमाम कार्याे के भुगतान किये जा रहे हैं। नाली, सीसी निर्माण, बाउंड्रीवॉल निर्माण आदि कार्याे के भुगतान लोगों के गले नहीं उतर रहे हैं। इसके अलावा कूप सफाई, हैंडपंप मरम्मत, साफ सफाई के नाम पर लाखों रुपये के भुगतान किये जा रहे हैं जाे लोगों के गले नहीं उतर रहे हैं क्योंकि हैंड पंपों की मरम्मत उनकी मौजूदा हालात बताती है कि यह सब बजट ठिकाने लगाने के नाम पर हो रहा है। पंचायतों में कूपों का उपयोग नगण्य है इसके बाद इनकी मरम्मत साफ सफाई के भुगतान सवाल खड़ा कर रहे हैं। कई पंचायत में घूर सफाई के नाम पर धनराशि ठिकाने लगा दी गई है। जबकि जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर मुंह चिढ़ा रहे हैं। इन भुगतानों पर पंचायत सचिवों ने चुप्पी साध रखी है।

एडीओ पंचायत सुरेश कुमार ने शनिवार को बताया संदिग्ध भुगतानों पर नजर रखी जा रही है। कूप मरम्मत सफाई एवं घूर सफाई, हैंडपंप मरम्मत के भुगतानों की सूची तैयार कर रहे हैं। सोमवार से उनकी पंचायतों में जाकर जांच की जाएगी अगर भुगतान कार्यों में फर्जी पाए गए तो नियमानुसार प्रधानों-सचिवों के खिलाफ कार्यवाही के लिए उच्चाधिकारियों को पत्राचार करके कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे। साथ ही फर्जी ढंग से भुगतान की गई धनराशि की वसूली सुनिश्चित कराएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story