जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रहेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now

गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री योगी ने किया नमन

बोले- गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता को अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और अधर्म से धर्म की ओर ले जाने वाली हैं

गुरु नानक देव जी के 'एक ओंकार' और 'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' के मंत्र में निहित है सामाजिक समरसता, समानता और सामूहिकता का संदेश: सीएम

गुरु तेग बहादुर जी, गुरु गोविंद सिंह जी और चारों साहिबजादों के त्याग व बलिदान को किया नमन

सीएम ने वीर बाल दिवस की शुरुआत को बताया युवा पीढ़ी में राष्ट्रभाव जगाने का माध्यम

जाति, छुआछूत और अस्पृश्यता से विभाजित समाज को जोड़ने का माध्यम बना गुरु साहिब का संदेश: सीएम योगी

गुरुद्वारों का लंगर सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण, यहां जाति-मजहब का भेद किए बिना सब एक पंगत में बैठते हैं: सीएम

गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान और गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों की शहादत भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर: मुख्यमंत्री

लखनऊ से शुरू हुई वीर बाल दिवस की पहल आज देशव्यापी आयोजन का स्वरूप ले चुकी है : मुख्यमंत्री योगी

सच्ची आध्यात्मिकता अन्याय के सामने मौन रहने की नहीं, बल्कि निर्भीक होकर उसका मुकाबला करने की प्रेरणा देती है: सीएम

कार्तिक पूर्णिमा पर शुकतीर्थ, गढ़मुक्तेश्वर, तिगरी, प्रयागराज और काशी में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी: मुख्यमंत्री

लखनऊ, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब तक भारत सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, दुनिया की कोई ताकत उसका बाल बांका नहीं कर पाएगी। सिख गुरुओं का त्याग, तपस्या, बलिदान और उनकी आध्यात्मिक चेतना भारत की राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव की अमूल्य धरोहर है। गुरु नानक देव जी महाराज ने 'एक ओंकार' के माध्यम से संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उस समय थीं। हमें इन शिक्षाओं को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर अपने जीवन में आत्मसात करना होगा और नई पीढ़ी को भी इनसे निरंतर परिचित कराना होगा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता और सौभाग्य का अवसर है कि हम सभी इतने भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व मना रहे हैं।

जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रहेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मानवता को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश का मार्ग दिखाया

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत पवित्र है। वह प्रातः चार बजे से ही प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों से श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे थे। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों श्रद्धालु मां गंगा में स्नान कर रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में प्रातःकाल से अब तक लगभग 15 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, जबकि अमरोहा के तिगरी में भी 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई है। प्रयागराज और फर्रुखाबाद में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। अयोध्या और काशी में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली का आयोजन भी होना है, जिसमें लाखों दीप प्रज्ज्वलित होंगे। मान्यता है कि भगवान शिव ने इसी दिन त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त कराया था। इसी परंपरा और धार्मिक आस्था के अनुरूप गढ़मुक्तेश्वर, काशी सहित प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों पर कार्तिक पूर्णिमा के आयोजन हर्षोल्लास के साथ होते हैं। यह दिन इसलिए भी विशेष है, क्योंकि मानवता को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश का मार्ग दिखाने वाले गुरु नानक देव जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व भी इसी दिन मनाया जाता है।

'एक ओंकार' ने दिया सामाजिक एकता और समानता का संदेश

मुख्यमंत्री योगी ने गुरु नानक देव जी महाराज की यात्राओं और उनके समय की सामाजिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उन्होंने मानवता को एकता का संदेश दिया, उस समय समाज अनेक प्रकार की विसंगतियों और विभाजनों से जूझ रहा था। जाति, छुआछूत और अस्पृश्यता के नाम पर समाज बिखरा हुआ था। दूसरी ओर विदेशी आक्रमण और बाहरी हमलों की चुनौतियां भी थीं। ऐसे कठिन दौर में गुरु नानक देव जी महाराज ने 'एक ओंकार' का मंत्र देकर संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में बांधा। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज का स्पष्ट संदेश था कि ईश्वर एक है और हम सभी उसकी संतान हैं। इसलिए प्रत्येक मनुष्य समान सम्मान का अधिकारी है। उनके द्वारा दिया गया यह मंत्र उस समय समाज को जोड़ने की बड़ी शक्ति बना और आज भी इसकी प्रासंगिकता बनी हुई है। सीमित साधनों और संसाधनों के बावजूद गुरु नानक देव जी महाराज ने विभिन्न स्थानों की यात्राएं कर मानवता, समानता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रहेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' में समाहित है जीवन का सार

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी महाराज के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' की व्याख्या करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण, कीर्तन और सामूहिकता मनुष्य के भीतर सकारात्मक भाव पैदा करते हैं। इससे अज्ञानता दूर होती है और समाज में एकजुटता की शक्ति जागृत होती है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी की पंक्ति 'श्रद्धावान् लभते ज्ञानम्' का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा के माध्यम से ही ज्ञान की प्राप्ति होती है। गुरु नानक देव जी महाराज भी कीर्तन के माध्यम से मनुष्य के भीतर श्रद्धा और सद्भाव का भाव जागृत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने 'वंड छको' के सिद्धांत को सामाजिक समानता और सहभागिता का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि इसका आशय है कि कोई भी व्यक्ति उपेक्षित न रहे और सभी मिल-बांटकर भोजन करें। गुरुद्वारों में संचालित लंगर की परंपरा आज भी इस महान विचार को साकार कर रही है। वहां किसी की जाति, मत या मजहब नहीं पूछा जाता। हर व्यक्ति एक साथ पंगत में बैठकर समान सम्मान के साथ भोजन करता है। यह केवल भोजन कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, समानता और मानवीय संवेदना का अनुपम उदाहरण है।

अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है सच्ची आध्यात्मिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने आध्यात्मिकता को केवल व्यक्तिगत साधना या आत्मकल्याण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा से जोड़ा। सच्ची आध्यात्मिकता पलायन का मार्ग नहीं दिखाती। यदि समाज में कोई अत्याचार या अन्याय हो रहा है तो उसके सामने मौन रहना आध्यात्मिकता नहीं हो सकती। सच्ची आध्यात्मिक चेतना व्यक्ति को अन्याय का डटकर मुकाबला करने और धर्म की रक्षा के लिए खड़े होने का साहस देती है। उन्होंने कहा कि कालांतर में सिख गुरुओं का त्याग और बलिदान इसी विचार का सबसे बड़ा उदाहरण बना। गुरु तेग बहादुर जी का सर्वोच्च बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का संघर्ष और उनके चारों साहिबजादों की शहादत इसी आध्यात्मिक चेतना से प्रेरित थी। विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध सिख वीरों का संघर्ष और देश की आजादी की लड़ाई में सिख वीरों तथा क्रांतिकारियों का योगदान भी इसी परंपरा का विस्तार है।

जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रहेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

चारों साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय

मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि अल्पायु में ही इन चारों साहिबजादों ने धर्म और अपने सिद्धांतों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहीं, लेकिन विदेशी हुकूमत और आक्रांताओं के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। सात, नौ, 11 और 14 वर्ष की आयु में भी उनका संकल्प और निर्भीकता अद्वितीय थी। अपनी गुरु परंपरा, धर्म और मूल्यों के प्रति उनकी अडिग निष्ठा प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के सिख गुरुद्वारों के सहयोग से चारों साहिबजादों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और युवा पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' के रूप में आयोजित करने की पहल को आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वीर बाल दिवस का आयोजन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आवास में सात वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाश पर्व का आयोजन हुआ था और इसके बाद वहां वीर बाल दिवस के कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि लखनऊ से शुरू हुई इस पहल ने आज राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक स्वरूप ग्रहण कर लिया है। देशभर में वीर बाल दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा चारों साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया जाता है। इससे युवाओं और विद्यार्थियों को धर्म, राष्ट्र और अपने मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिलती है।

जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रहेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर पाएगी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सिख गुरुओं की यात्राओं ने सीमाओं से परे पहुंचाया मानवता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं की आध्यात्मिक चेतना किसी एक स्थान या क्षेत्र तक सीमित नहीं थी। उन्होंने भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ देश की सीमाओं से बाहर तक यात्राएं और पदयात्राएं कीं। उनकी आध्यात्मिक शक्ति के साथ देश, धर्म और मानवता के लिए कुछ कर गुजरने की दृढ़ इच्छाशक्ति भी जुड़ी हुई थी। यही कारण है कि उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर हम सभी का दायित्व है कि सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव बनाए रखें, उनके पवित्र विचारों को अपने आचरण में उतारें और उनके त्याग, तपस्या तथा योगदान से वर्तमान पीढ़ी को लगातार अवगत कराते रहें। ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें। मुख्यमंत्री ने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में भी जाकर बड़े आयोजनों का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त हो।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, मुख्य ग्रंथी अमृतसर ज्ञानी केवल सिंह, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, गुरुद्वारा यहियागंज मुख्य सेवादार डॉ. गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा नाका हिंडोला मुख्य सेवादार डॉ. अमरजोत सिंह, जनरल सेक्रेटरी गुरुद्वारा नाका हिंडोला सरदार मनमीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरमिंदर सिंह, सरदार सतबीर सिंह आनंद, सरदार राजू गांधी, सरदार सतनाम सिंह सेठी और पार्षद चरणजीत गांधी उपस्थित रहे।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23773 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story