ट्रेन में यात्रियों को चाकू मार घायल करने वाला किन्नर साथी सहित गिरफ्तार
फर्रुखाबाद, 23 जुलाई (हि. स.)। जीआरपी ने ट्रेन में जबरन नेग वसूली के दौरान यात्रियों को घायल करने वाले किन्नर नैना उर्फ अरमान एवं उसके साथी हर्षित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि हर्ष कोतवाली फर्रुखाबाद के मोहल्ला बैजनाथ स्ट्रीट निवासी राजेंद्र गुप्ता का 20 वर्षीय पुत्र है। जबकि किन्नर नैना उर्फ अरमान जनपद कासगंज थाना गंजडुडवारा के गणेशपुर निवासी मल्लू का 21 वर्षीय बेटा है।
थाना मऊदरवाजा के ग्राम हरसिंहपुर गोवा निवासी रामविलास का युवा पुत्र सुनील उर्फ अनूप कुमार यादव अपने भाई अनिल कुमार के बेटे सौरभ के साथ कासगंज से पैसेंजर ट्रेन द्वारा घर जा रहे थे। रास्ते में कई किन्नरों ने यात्रियों के साथ जबरन रुपयों की वसूली शुरू कर दी।
अनूप ने रुपए देने से मना कर दिया इसी बात पर किन्नर अनूप को गाली गलौज कर रुपये देने के लिए धमकाने लगे। विरोध करने पर किन्नर ने अनुपम व सौरभ पर चाकू से हमला कर दिया। हाथ में चाकू लगने से दोनों घायल हो गए। जब ट्रेन हरसिंहपुर गोवा हाल्ट स्टेशन पर रुकी तभी घायल युवकों की सूचना पर गांव वालों ने बोगी को घेर लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने मारपीट कर हमलावर किन्नरों को बोगी में बंद कर दिया। जब अनिल के पिता बोगी में पहुंचे तो किन्नर ने उनके ऊपर भी चाकू चला दिया जिससे वह बच गए। बताया जाता है कि दबंग किन्नरों ने पकड़ने गये जवानों पर भी हमला कर दिया।
जीआरपी थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह सोलंकी ने गुरुवार काे बताया कि कासगंज से आने वाली पैसेंजर ट्रेन में पत्थरबाजी व झगड़े की सूचना पर वह दीवान भगत सिंह सिपाही आदर्श कुमार मय सरकारी वाहन से रेलवे स्टेशन हरसिंहपुर गोवा पर पहुंचे। तो वहां पर ट्रेन संख्या 55344 के यात्री सुनील उर्फ अनूप कुमार तथा सौरभ यात्रा कर रहे थे। शुकरुल्लापुर स्टेशन के पास विपक्षी नैना उर्फ अरमान थर्ड जैडर तथा उसके साथ हर्ष गुप्ता ट्रेन में पैसे मांग रहे थे। सुनील उर्फ अनूप ने मना किया तो मारपीट शुरू कर दी तथा बचाव में सौरभ आया तो उनके साथ भी मारपीट कर दी।
नैना के साथी हर्ष गुप्ता के द्वारा चाकू से सुनील के बाएं हाथ में चोट पहुंचाई गई तथा सौरभ के दाहिने हाथ के अंगूठा में चोट लगी। मौके पर अज्ञात लोगों की भीड़ थी जिनके द्वारा उक्त ट्रेन पर पत्थरबाजी भी की गई। नैना उर्फ अरमान व हर्ष गुप्ता के द्वारा भी पथराव करके ट्रेन के शीशे भी तोड़े गए। पकड़े गए अभियुक्तों को अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने अभियुक्तों को जेल भेज दिया। पता चला कि हर्ष गुप्ता ने पुलिस को अपना गलत पता बताया है। मोहल्ले के अधिकांश लोगों ने बताया कि इस नाम का व्यक्ति बैजनाथ स्टीट में नहीं रहता है। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मुकदमे की विवेचना उप निरीक्षक अजीत कुमार के द्वारा की जा रही है। मुकदमे की जांच में पता तस्दीक कर सही किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

