आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी के स्थापना दिवस पर कार्यक्रमों की धूम

WhatsApp Channel Join Now
आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी के स्थापना दिवस पर कार्यक्रमों की धूम


फर्रुखाबाद,29 अप्रैल (हि.स.)। आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी (AWES) का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में विद्यालय में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। विद्यालय के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सैनिकों के पाल्यों के लिए उत्तम प्रारम्भिक शिक्षा से लेकर व्यावसायिक शिक्षा तक आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी के महत्त्वपूर्ण योगदान को दर्शाया। छात्राओं ने ‘टुकड़ा-टुकड़ा सी करके सपना एक बनाया’ गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।

12 वीं की छात्रा आरजू राठौर ने सैनिकों के पाल्यों के लिए पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से लेकर तकनीकी शिक्षा तक AWES द्वारा किए गए प्रयासों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कक्षा 12 की छात्रा आराध्या सिंह ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता ‘नित जीवन के संघर्षों से जब टूट चुका हो अन्तर्मन’ का ओजस्वी पाठ कर सभी की सराहना प्राप्त की। विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय गीत प्रस्तुत कर आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी के कार्यों को सराहा। इस अवसर पर बास्केटबॉल एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी का यह महनीय प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में मील का पत्थर सिद्ध हो रहा है।

विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन, सिखलाई रेजिमेंट सेंटर, फतेहगढ़ (उ.प्र.) ने आर्मी वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी की स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि AWES शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रही है तथा यह संस्था सैनिकों के पाल्यों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस अवसर पर डॉ. अंजना चौहान, पूर्णिमा अग्निहोत्री, डॉ. नैन्सी, डॉ. शिवाली वर्मा, डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी सहित अनेक अध्यापकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story