आर्मी रिक्रूटमेंट अयोध्या का परीक्षा कार्यक्रम घोषित, प्रवेश पत्र जारी

WhatsApp Channel Join Now
आर्मी रिक्रूटमेंट अयोध्या का परीक्षा कार्यक्रम घोषित, प्रवेश पत्र जारी


प्रयागराज, 16 मई (हि.स)। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) 2026 में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ) अयोध्या ने बताया है कि विभिन्न श्रेणियों के प्रवेश पत्र एवं परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार शीघ्र जारी किए जाएंगे। जेसीओ आरटी, सिपाही फार्मा एवं हवलदार एजुकेशन श्रेणियों की परीक्षा 04 जून को आयोजित की जाएगी तथा इनके प्रवेश पत्र 15 मई से जारी किए जा रहे हैं।

यह जानकारी रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के पीआरओ कुमार अमन ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी श्रेणी की परीक्षा 01 एवं 02 जून को आयोजित होगी। इन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 18 मई से उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) श्रेणी की परीक्षा 03 एवं 04 जून को आयोजित की जाएगी तथा इनके प्रवेश पत्र 19 मई से जारी किए जाएंगे।

पीआरओ ने आगे बताया कि अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर जनरल ड्यूटी एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) श्रेणियों की परीक्षा 05 एवं 08 जून को आयोजित की जाएगी। इन श्रेणियों के प्रवेश पत्र 20 मई से जारी किए जाएंगे। शेष श्रेणियों की परीक्षा 09, 10 एवं 12 जून को आयोजित की जाएगी, जिनके प्रवेश पत्र 21 मई से जारी किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रवेश पत्र डाउनलोड करने एवं परीक्षा संबंधी नवीनतम जानकारी प्राप्त करने हेतु भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट ‘ज्वाइन इण्डियन आर्मी’ का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी अपने सम्बंधित आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस से सम्पर्क कर सकते हैं।

अंत में उन्होंने बताया कि एआरओ अयोध्या ऑनलाइन सीईई 2026 में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देता है तथा उन्हें परीक्षा की गंभीरता से तैयारी करने हेतु प्रोत्साहित करता है। अभ्यर्थियों को यह भी सलाह दी जाती है कि वे दलालों, एजेंटों अथवा भर्ती में सहायता का झूठा आश्वासन देने वाले व्यक्तियों के बहकावे में न आएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story