खगाेल विज्ञान विषय पर आयाेजित व्याख्यान विद्यार्थियों ने जानी खगाेलीय जानकारियां

WhatsApp Channel Join Now
खगाेल विज्ञान विषय पर आयाेजित व्याख्यान विद्यार्थियों ने जानी खगाेलीय जानकारियां


फर्रुखाबाद,20 अप्रेल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में फतेहगढ़ आर्मी पब्लिक स्कूल में साेमवार काे खगोल विज्ञान विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अमृतांशु वाजपेयी, प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर, प्रोजेक्ट सप्तऋषि (ग्लोबल स्काई पार्टनर्स प्रोग्राम, लास कुम्ब्रेस ऑब्ज़र्वेटरी) एवं एसटीईएम (STEM) विशेषज्ञ, आरआईई एनसीईआरटी भोपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में कक्षा 9 के सभी वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा नाैवीं कक्षा के छात्र यश शुक्ला एवं छात्रा सिमरित जैन ने अतिथि के स्वागत से किया। इसके पश्चात् कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन पीजीटी कंप्यूटर साइंस महेश उपाध्याय ने किया।

अपने व्याख्यान में वक्ता ने कालचक्र (समय का चक्र) विषय पर प्रकाश डालते हुए प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान से जोड़ा। उन्होंने भारतीय पंचांग की विशेषताओं को समझाया तथा यूनानी कैलेंडर से उसकी तुलना प्रस्तुत की। साथ ही यह भी बताया कि प्राचीन सभ्यताएं खगोलीय घटनाओं के आधार पर समय निर्धारण करती थीं, जो उनकी वैज्ञानिक सोच को दर्शाता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का भ्रमण भी कराया गया, जहाँ उन्होंने विभिन्न उपकरणों का अवलोकन किया। इस दौरान महेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को Stellarium एवं Google Sky Map जैसे सॉफ्टवेयर के उपयोग के बारे में जानकारी दी, जिनकी सहायता से रात्रि आकाश में तारों एवं नक्षत्रों की स्थिति को आसानी से पहचाना जा सकता है।

विद्यार्थियों ने पूरे सत्र में गहरी रुचि दिखाई तथा जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक रहा, जिसने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासा को बढ़ावा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story