फर्रुखाबाद : आर्मी पब्लिक स्कूल में ‘सृजन’ प्रदर्शनी का आयोजन,बच्चाें ने दिखायी प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद : आर्मी पब्लिक स्कूल में ‘सृजन’ प्रदर्शनी का आयोजन,बच्चाें ने दिखायी प्रतिभा


फर्रुखाबाद, 17 अक्तूबर (हि.स.)। आर्मी पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ कैण्ट में ‘सृजन’ नाम से एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन सिखलाई रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट एवं विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिन्दी, अंग्रेजी एवं संस्कृत विषयों में अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडलों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक घटनाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवन्त रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा निर्मित आकर्षक चित्रों एवं पेंटिंग्स की आगन्तुक अभिभावकों तथा सैन्य अधिकारियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। संगीत कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों के लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हिन्दी एवं अंग्रेजी की प्रदर्शनी में विषयवस्तु पर आधारित मॉडलों के साथ-साथ नाट्य कला का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। वहीं, संस्कृत प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मॉडलों के अतिरिक्त प्राचीन भारतीय शिक्षा-पद्धति ‘गुरुकुल व्यवस्था’ के सजीव दृश्य ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, परम्परा एवं प्राचीन शिक्षा-व्यवस्था की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर मेजर राकेश राघव, मेजर सी. आई. सिंह सहित अनेक सैन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिया शर्मा तथा उपप्रधानाचार्य श्री नितिन चतुर्वेदी को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति, कलात्मक प्रतिभा, भाषा कौशल एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी रुचि को प्रदर्शित करने का एक सराहनीय माध्यम बनी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story