लेह में तैनात सेना के जवान की तबीयत बिगड़ने से मौत, परिवार का इकलौता सहारा छिना

WhatsApp Channel Join Now
लेह में तैनात सेना के जवान की तबीयत बिगड़ने से मौत, परिवार का इकलौता सहारा छिना


जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के हरिगांव निवासी और लेह में तैनात सेना के जवान नायब अर्जुन यादव (35) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह सेना के साथी जवान ने परिजनों को फोन कर उनके निधन की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी वंदना, पिता जिलाजीत यादव और भाई सुनील यादव समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10 बजे अर्जुन ने अपनी पत्नी वंदना को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। रात में उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार भोर में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके साथ ड्यूटी पर तैनात एक साथी जवान ने सुबह करीब छह बजे फोन कर परिजनों को इसकी सूचना दी। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी वंदना बेसुध हो गईं।

अर्जुन दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे। वर्ष 2013 में उनका सेना में चयन हुआ था। वर्ष 2020 में उनकी शादी मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के देवापार (रामदयालगंज) गांव में हुई थी। उनका डेढ़ वर्ष का बेटा विभव है। करीब एक माह पहले बेटे की तबीयत खराब होने पर अर्जुन गांव आए थे। बेटे का इलाज कराने के बाद करीब 25 दिन पहले ही वह दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। मासूम विभव को अभी इस बात का अहसास भी नहीं है कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

अर्जुन के पिता जिलाजीत यादव इंटर कॉलेज सेमरी में निजी शिक्षक रहे हैं और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी मां कलावती देवी का वर्ष 2017 में बीमारी के चलते निधन हो गया था। अर्जुन ने छोटे भाई सुनील यादव के लिए टेंट हाउस खुलवाकर और ट्रैक्टर खरीदकर उसके रोजगार की व्यवस्था की थी। उनकी बड़ी बहन मंजू की शादी हो चुकी है। परिवार की अधिकांश जिम्मेदारियां अर्जुन ही संभालते थे।

अर्जुन ने इंटर कॉलेज सेमरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने जौनपुर शहर के एक महाविद्यालय में स्नातक में दाखिला लिया था। इसी दौरान सेना में उनका चयन हो गया। परिवार को अर्जुन से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story