नए कलेवर में दिखा कानपुर चिड़ियाघर का मछलीघर

WhatsApp Channel Join Now
नए कलेवर में दिखा कानपुर चिड़ियाघर का मछलीघर


- 59 एक्वेरियम में तैरतीं दुर्लभ मछलियां बनीं आकर्षण का केंद्र- स्वतंत्रता दिवस पर रिकॉर्ड 5,000 से ज्यादा दर्शकों ने किया दीदार- बिना अतिरिक्त शुल्क के मिल रहा मनोरंजन का डबल डोज

कानपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और उत्तर प्रदेश सरकार की पर्यटन विकास योजनाओं के तहत कानपुर प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) का कायाकल्प कर इसे और अधिक आकर्षक बना दिया गया है। इसी कड़ी में चिड़ियाघर के आधुनिक मछलीघर (एक्वेरियम) को नए कलेवर के साथ पूरी तरह आम दर्शकों के लिए खोल दिया गया है। 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इसके खुलते ही पर्यटकों और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है। शहरवासी अब बिना दूसरे राज्यों में गए अपने ही शहर में अंडरवाटर दुनिया का अनूठा और रोमांचक अनुभव ले रहे हैं।

59 एक्वेरियम और दुर्लभ मछलियों का संसार

इस नए मछलीघर को बेहद आधुनिक तरीके से तैयार किया गया है, जिसमें कुल 59 छोटे-बड़े एक्वेरियम बनाए गए हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी (प्रशासन) फिरोज खान ने बताया कि इन एक्वेरियम में देश-विदेश की रंग-बिरंगी और दुर्लभ प्रजातियों की मछलियां रखी गई हैं। जैसे ही दर्शक एक्वेरियम परिसर के अंदर प्रवेश करते हैं, बड़े-बड़े टैंकों में तैरती मछलियां उनका स्वागत करती हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई कांच के पार तैरती इन अद्भुत जलचर प्रजातियों को देखने के लिए उत्साहित नज़र आ रहा है।

शार्क संग सेल्फी और हैंड-फीडिंग का क्रेज

इस नए मछलीघर का सबसे बड़ा आकर्षण विशाल शार्क मछली है। युवाओं और बच्चों में शार्क के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ मची हुई है, जिसके लिए विशेष 'कोडैक टैंक' और सेल्फी ज़ोन तैयार किया गया है। इसके अलावा, पर्यटकों को अपने हाथों से मछलियों को दाना खिलाने का अनोखा और सीधा अनुभव दिया जा रहा है। यही नहीं, दर्शकों को गोल्डन फिश को इशारों से अपनी ओर आकर्षित करने का रोमांचक मौका भी यहाँ मिल रहा है।

फिरोज खान ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का मज़ा दोगुना करने के लिए 5,000 से अधिक दर्शक चिड़ियाघर पहुंचे थे। लोगों ने मछलीघर के साथ-साथ चिड़ियाघर की प्रसिद्ध झील में विदेशी पक्षियों का दीदार किया और सर्पेटोरियम में जाकर साँपों को नजदीक से देखा। दर्शकों की सहूलियत को देखते हुए परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त रखी गई है। राहत की बात यह है कि फिलहाल इस आधुनिक एक्वेरियम में प्रवेश के लिए दर्शकों से कोई अतिरिक्त टिकट नहीं लिया जा रहा है, इसे चिड़ियाघर के सामान्य प्रवेश टिकट में ही शामिल रखा गया है।

कानपुर विकास प्राणी उद्यान के निदेशक डॉ. कन्हैया पटेल ने रविवार को बताया कि नए कलेवर में तैयार आधुनिक मछलीघर दर्शकों को मनोरंजन और रोमांच का डबल डोज दे रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है, जहां शार्क के साथ सेल्फी से लेकर हाथों से दाना खिलाने तक का अनोखा अनुभव लोगों को मिल रहा है। हमारा प्रयास है कि चिड़ियाघर आने वाले हर दर्शक को वन्यजीवों और जलचरों के करीब आने का एक बेहतरीन और सुरक्षित माहौल मिले।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story