पीतलनगरी का एक्यूआई 116 पर, मुरादाबाद के पांच स्टेशन अब यलो जोन में
मुरादाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। रावण दहन के बाद मुरादाबाद की वायु गुणवत्ता और खराब हो गई। शहर का एक्यूआई 116 दर्ज किया गया। इसमें शहर के छह स्टेशनों में से पांच स्टेशन यलो जोन में आ गए। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार प्रदूषण के इस स्तर पर फेफड़ों की बीमारी से ग्रसित मरीजों, अस्थमा और हृदय रोगियों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
अभी सर्दियों ने ढंग से दस्तक भी नहीं दी है कि शहर का वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है। अभी तक दो स्टेशन का एक्यूआई यलो जोन में चल रहा था। बुधवार सुबह इसमें और बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक 165 वायु गुणवत्ता सूचकांक ईको हर्बल पार्क का रहा। यहां पर पीएम 2.5 का औसत स्तर 164 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर रहा, जबकि पीएम 10 का औसत स्तर 109 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। दूसरा प्रदूषित इलाका 125 एक्यूआई के साथ काशीराम नगर था। यहां पर पीएम 2.5 का औसत स्तर 121 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर रहा । इसके अलावा 107 वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ रोजगार कार्यालय, 105 के साथ बुद्धि विहार और 103 एक्यूआई के साथ जिगर कालोनी भी यलो जोन में रही।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदूषण के इस स्तर पर फेफड़ों की बीमारी से ग्रसित मरीजों, अस्थमा और हृदय रोगियों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। यातायात नगर में एक्यूआई 93 दर्ज किया गया। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यूपी डीके गुप्ता का कहना है कि त्योहारों पर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वयक बनाया गया है। इसमें पानी के छिड़काव सहित अन्य उपाय किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

