जौनपुर सिटी स्टेशन पर सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को मिली मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर सिटी स्टेशन पर सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को मिली मंजूरी


जौनपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को बड़ी सौगात मिली है। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22419/22420 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनल सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से जौनपुर सहित आसपास के जनपदों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव का प्रयास सफल रहा।

इस संबंध में दूरभाष पर गुरुवार को जानकारी लेने पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जौनपुर सिटी स्टेशन पर सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस ट्रेन के ठहराव से दिल्ली, पूर्वांचल सहित विभिन्न प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और अन्य यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जौनपुर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। रेलवे से जुड़ी सुविधाओं में विस्तार होने से न केवल यात्रियों की परेशानी कम होगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव से जौनपुर के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अधिक सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध होगा।

राज्यमंत्री ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति जौनपुर की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय की ओर से जौनपुर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह निर्णय क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव जिले के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। इससे जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुगम, तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से भविष्य में भी प्रयास जारी रहेंगे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story