रोजगार मेले में 187 युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुमेरपुर (आईटीआई) में बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 11 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया और 630 युवाओं ने रोजगार पाने के उद्देश्य से साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में भाग लिया। जिसमें 187 को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने मेले का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा और कौशल का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सुमेरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र शिवहरे ने युवाओं को रोजगार के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की सलाह दी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि हिन्दुस्तान यूनी लीवर, बीम प्रोडक्ट्स एंड सर्विसेज प्रा.लि.,जैपटो प्रा. लि., फ्लिपकार्ट, श्रीराम पिस्टन, हीरो,अमित पैकेजिंग आदि कंपनियों ने 630 अभ्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन कर साक्षात्कार लिया। उसके बाद 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इसके साथ पूर्व सेवायोजित छह अभ्यर्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके कालेज के प्रधानाचार्य/जिला समन्वयक शैलेंद्र कुमार सैनी, एमआईएस मैनेजर प्रदीप कुमार गुप्ता, भानु प्रताप सिंह, उमेश चंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं रोजगार के इच्छुक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story