सामाजिक न्याय की लड़ाई को गति देने और जमीन पर मजबूत करने की जरूरत : आशीष पटेल

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक न्याय की लड़ाई को गति देने और जमीन पर मजबूत करने की जरूरत : आशीष पटेल


- अपना दल (एस) की मंडलीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक संपन्न

लखनऊ, 24 दिसंबर (हि.स.)। राजधानी लखनऊ स्थित

अपना दल (एस) कैंप कार्यालय पर बुधवार को अलग-अलग मंडलों की मंडलीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के 7 मंडलों के 25 जनपदों के वर्तमान जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मंडल में निवास करने वाले सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी पंचायत चुनावों में मज़बूती से भागीदारी करने एवं संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही बूथ एवं पंचायत स्तर पर समन्वय बढ़ाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने उपस्थित एक-एक पदाधिकारियों से मुखातिब हुए और सबसे पहले उनका कुशलक्षेम जाना। फिर सभी के साथ सीधा संवाद कर पार्टी-संगठन की जमीनी हकीकत को समझा और परखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी-संगठन की रीढ़ होता है। कार्यकर्ताओं के ही बल पर आज पार्टी को उत्तर प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी होने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई को और गति मिले इसके लिए हमें जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत होने की जरूरत है। ये तभी संभव होगा, जब हम अपने-अपने क्षेत्र में आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी संगठन को और मजबूत करने में जुट जाएं।

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि हमारे सामने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव है। समय भी अब धीरे-धीरे करीब आता जा रहा है। इसलिए जरूरी है कि जहां भी संगठन की कमजोर कड़ी है, उसे एक माह के अंदर मजबूत कर लिए जाएं। पंचायत चुनाव के लिए कार्यकर्ता कमर कस लें, क्योंकि आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी मज़बूती से भागीदारी करेगी। पंचायत चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ताओं की सूची बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए।

उन्होंने कहा कि पार्टी के विधानसभा प्रभारी, विधानसभा अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के समन्वय से ही पंचायत चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी तय होंगे। इसलिए इन तीनों पदाधिकारियों की महती जिम्मेदारी है कि ये अपनी-अपनी विधानसभा की सभी तैयारियां कर लें। विधानसभा प्रभारी अपनी-अपनी विधानसभा में अपनी उपस्थिति बढ़ाएं और विधानसभा अध्यक्ष जोन, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन की शक्ति को बढ़ाने के लिए जुट जाएं।

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि यदि समय रहते इन कार्यों पर हम विजय पा लिए तो, निश्चित रूप से पंचायत चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों को हम विजय दिलाने में कामयाब होंगे। इससे पार्टी-संगठन की ताकत बढ़ेगी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को गति मिलेगी।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि तय तारीख के अनुसार है बैठक में उत्तर प्रदेश की 7 मंडलों के 25 जनपद जनपदों की उपस्थिति रही। 21 दिसंबर को बस्ती और आजमगढ़ मंडल, 22 दिसंबर लखनऊ और वाराणसी मंडल, 24 दिसंबर को चित्रकूट और कानपुर मंडल की समीक्षा हुई। इस दौरान इन मंडलों के सभी जिलों के वर्तमान जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मंडल में निवास करने वाले सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। संपन्न हुई बैठक में आगामी पंचायत चुनावों में मज़बूती से भागीदारी करने एवं संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि बाकी बचे हुए मंडलों की बैठक की घोषणा भी जल्द की जाएगी। इस बैठक में राष्ट्रीय सलाहकार एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य राजेन्द्र प्रसाद पाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओपी कटियार, राष्ट्रीय महासचिव आर. बी. सिंह, के. के पटेल, राष्ट्रीय सचिव विनोद गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष जाटव आरपी गौतम, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रेखा पटेल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राम लखन पटेल शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story