एनडीए का मजबूत और विश्वसनीय सहयोगी है अपना दल (एस): अनुप्रिया पटेल
-प्रतापगढ़ में अपना दल (एस) 17 अक्टूबर को बड़ा कार्यकर्ता समागम
लखनऊ, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी एनडीए की मजबूत और विश्वसनीय सहयोगी है और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार संवाद स्थापित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करेंगे।
अनुप्रिया पटेल ने यह बात शुक्रवार काे हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में आयोजित अपना दल (एस) की संगठन समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक विस्तार, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की समीक्षा की गई। पार्टी ने विभिन्न जिलों में बड़े कार्यकर्ता समागम आयोजित करने की भी योजना बनाई है।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग से जुड़े विषयों पर संस्थागत व्यवस्था के तहत बात होनी चाहिए। राजनीतिक दलों को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने के साथ अपने संगठन और चुनावी प्रदर्शन की भी समीक्षा करनी चाहिए। बैठक की अध्यक्षता अपना दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम ने की। इसमें अनुप्रिया पटेल मुख्य अतिथि और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को जिला और बूथ स्तर पर अधिक सक्रिय करने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया गया। पार्टी के अनुसार 17 अक्टूबर को प्रतापगढ़ में बड़ा कार्यकर्ता समागम प्रस्तावित है। इसके बाद अन्य जिलों में भी कार्यकर्ता सम्मेलन और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में पार्टी महासचिव आर.बी. सिंह, के.के. पटेल और सत्य प्रकाश कुरील, विधायक सरोज कुरील, शफीक अंसारी, वाचस्पति और डॉ. आर.के. पटेल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रेखा पटेल, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राम लखन, राष्ट्रीय सचिव विनोद गंगवार और गिरजेश पटेल समेत राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

