पल्लवी पटेल के नेतृत्व में 26 नवंबर से निकलेगी रोजगार एवं भागीदारी यात्रा, 08 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
पल्लवी पटेल के नेतृत्व में 26 नवंबर से निकलेगी रोजगार एवं भागीदारी यात्रा, 08 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन


लखनऊ, 24 नवंबर (हि.स.)। अपना दल कमेरावादी की ओर से रोजगार और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे पर 26 नवंबर से प्रदेशव्यापी 'रोजगार एवं भागीदारी यात्रा' निकाली जाएगी। विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में संविधान दिवस पर वाराणसी के सारनाथ से शुरू होने वाली यह यात्रा प्रदेश के 10 जिलों की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 05 दिसंबर को लखनऊ वापसी के साथ होगा। इसके बाद 08 दिसंबर को राजधानी लखनऊ में महाआंदोलन किया जाएगा।

पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यात्रा के दौरान 'रोजगार नहीं तो सरकार नहीं' और 'भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं' के नारे के साथ युवाओं और आम लोगों के बीच रोजगार तथा सामाजिक भागीदारी के सवाल उठाए जाएंगे। डॉ. पल्लवी पटेल स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर युवा कार्यकर्ताओं के साथ चिह्नित विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में पहुंचेंगी। विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं भी आयोजित की जाएंगी।

यात्रा की खास बात यह होगी कि डॉ. पल्लवी पटेल समेत पार्टी का कोई भी नेता सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम नहीं करेगा। नेता संबंधित विधानसभा क्षेत्र के गांवों में ही रुकेंगे और लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। पार्टी का कहना है कि जनता के बुनियादी सवालों को लेकर इस अभियान के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी भी की जाएगी।

यात्रा का प्रस्तावित कार्यक्रम

26 नवंबर को वाराणसी जिले की अजगरा और शिवपुर विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक कार्यक्रम। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक वाराणसी जिले की रोहनिया विधानसभा में जनसंपर्क। रात्रि विश्राम वाराणसी में।

27 नवंबर को चंदौली जिले की मुगलसराय विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक। इसके बाद मिर्जापुर जिले की चुनार और मड़िहान विधानसभा में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम। रात्रि विश्राम मिर्जापुर में।

28 नवंबर को वाराणसी जिले की सेवापुरी और पिंडरा विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक जौनपुर जिले की मड़ियाहूं विधानसभा में कार्यक्रम। रात्रि विश्राम मड़ियाहूं अथवा जौनपुर में।

29 नवंबर को जौनपुर जिले की मुंगराबादशाहपुर विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक सुलतानपुर जिले की कादीपुर विधानसभा में कार्यक्रम। रात्रि विश्राम सुलतानपुर में।

30 नवंबर को अयोध्या जिले की गोसाईंगंज विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और बीकापुर विधानसभा में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम। रात्रि विश्राम अयोध्या में।

01 दिसंबर को बाराबंकी जिले की दरियाबाद विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और कुर्सी विधानसभा में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम। रात्रि विश्राम बाराबंकी में।

02 दिसंबर को सीतापुर जिले की महोली विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक लखीमपुर खीरी में कार्यक्रम। रात्रि विश्राम लखीमपुर खीरी में।

03 दिसंबर को पीलीभीत जिले की सदर विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और बरेली जिले की मीरगंज विधानसभा में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम। रात्रि विश्राम बरेली में।

04 दिसंबरन को कानपुर जिले की घाटमपुर विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और उन्नाव जिले की भगवंतनगर विधानसभा में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम। रात्रि विश्राम उन्नाव में।

05 दिसंबर को रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और सदर विधानसभा में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम। इसके बाद लखनऊ वापसी।

08 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन: यात्रा के समापन के बाद पार्टी की ओर से 08 दिसंबर को राजधानी लखनऊ में महाआंदोलन आयोजित किया जाएगा। पार्टी ने इसे रोजगार और सामाजिक भागीदारी के सवालों को लेकर व्यापक

आंदोलन की अगली कड़ी बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story