अपना दल (कमेरावादी) 04 नवंबर को प्रयागराज में जनसभा कर 2027 चुनाव का करेगा शंखनाद

WhatsApp Channel Join Now
अपना दल (कमेरावादी) 04 नवंबर को प्रयागराज में जनसभा कर 2027 चुनाव का करेगा शंखनाद


-पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और विधायक डॉ. पल्लवी पटेल करेंगी संबोधित

-जनसभा में जुटेंगे प्रदेशभर के पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता

लखनऊ, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अपना दल (कमेरावादी) चार नवंबर को प्रयागराज में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। पार्टी के स्थापना दिवस पर सरदार पटेल संस्थान, अलोपीबाग के मैदान में जनसभा आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। जनसभा को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल संबोधित करेंगी। इस आयोजन के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के अभियान का आगाज भी करेगी।

यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस समारोह के माध्यम से वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सत्ता परिवर्तन के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे। यह आयोजन प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने के साथ आगामी चुनाव के लिए संगठन की रणनीति और राजनीतिक एजेंडे को धार देगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। प्रयागराज जिला इकाई के पदाधिकारी आयोजन को सफल बनाने के लिए युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। प्रयागराज के साथ आसपास के जिलों में भी जनसंपर्क अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जनसभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि स्थापना दिवस का यह आयोजन आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की ताकत और राजनीतिक सक्रियता का बड़ा प्रदर्शन साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story