गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में सुंदरकाण्ड पाठ और विशाल भंडारे में दिखी सामाजिक समरसता
गोरखपुर, 23 जून (हि.स.)।
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के तत्वावधान में प्रेस क्लब भवन परिसर में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण के बीच संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात भागवताचार्या मृदुला नंद शास्त्री एवं उनकी टीम द्वारा संगीतमय सुंदरकाण्ड का भावपूर्ण पाठ किया गया। सुंदरकाण्ड की चौपाइयों और भजनों की प्रस्तुति से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर पाठ का श्रवण करते रहे तथा कई श्रद्धालु प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों के साथ भक्ति भाव से झूमते नजर आए।
वक्ताओं ने कहा कि सुंदरकाण्ड का पाठ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और संकटों से संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में श्रद्धा, नैतिक मूल्यों तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान देश, समाज और पत्रकारिता जगत की उन्नति तथा जनकल्याण की भी मंगलकामना की गई। इस दौरान आरती और प्रसाद वितरण भी किया गया। सुंदरकाण्ड पाठ के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।भंडारे के दौरा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधि और नेताओं ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया और सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समन्वय का संदेश दिया।
भंडारे में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक प्रदीप शुक्ला, अष्टभुजा शुक्ला, समाजवादी पार्टी के नेता कृतिनिधि पांडेय, पार्षद विश्व जीत त्रिपाठी ,छठी लाल,सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, उपाध्यक्ष धनेश निषाद, मंत्री पंकज श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, पुस्तकालय मंत्री संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, रजनीश त्रिपाठी, अजीत सिंह, के साथ ही पूर्व अध्यक्ष डॉ. अरविंद राय, रितेश मिश्र, पूर्व उपाध्यक्ष अजीत यादव, राकेश सिंह, कुंदन उपाध्याय,मृत्यंजय शंकर सिन्हा,,पूर्व मंत्री,नवनीत त्रिपाठी, विजय जायसवाल सहित अन्य पूर्व पदाधिकारी,सदस्यगण के साथ ही गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

