आईआईटी कानपुर में 29 अक्टूबर से शुरू होगा अंतराग्नि, चार दिन सजेगा सांस्कृतिक मंच

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी कानपुर में 29 अक्टूबर से शुरू होगा अंतराग्नि, चार दिन सजेगा सांस्कृतिक मंच


कानपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में 29 अक्टूबर से शुरू होने वाले अंतराग्नि के 61वें संस्करण में देशभर के विद्यार्थी संगीत, नृत्य, फैशन, साहित्य और कला से जुड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। एक नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 75 से अधिक प्रतियोगिताएं और बॉलीवुड, हिप-हॉप व फ्यूजन नाइट जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी बुधवार को अंतराग्नि के आयोजन प्रमुख अथर्व कटियार ने दी।

आईआईटी में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की विषयवस्तु ‘ए प्रिज्मैटिक रियल्म’ रखी गई है। वर्ष 1965 में शुरू हुआ अंतराग्नि एशिया के प्रमुख सांस्कृतिक महोत्सवों में शामिल है। इसमें 400 से अधिक महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेते हैं। पिछले आयोजनों में एक लाख साठ हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति और ऑनलाइन माध्यम से तीन लाख पचास हजार से अधिक दर्शकों की भागीदारी दर्ज की गई है।

महोत्सव में चार प्रमुख संगीत संध्याएं होंगी। इनमें अंतरराष्ट्रीय कार्निवल एवं ईडीएम नाइट, बॉलीवुड नाइट, हिप-हॉप नाइट और फ्यूजन नाइट शामिल हैं। इसके अलावा फैशन शो ‘ऋतम्भरा’, विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों से संवाद का कार्यक्रम ‘इंडिया इंस्पायर्ड’ और हास्य प्रतियोगिता ‘कॉमिक कौन’ आकर्षण का केंद्र होंगे। साइलेंट डिस्को, बॉयलर रूम और प्रॉम नाइट भी आयोजित की जाएंगी।

29 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। पहले दिन ‘इंडिया इंस्पायर्ड’ में विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करेंगी। वहीं, ‘ऋतम्भरा’ में देशभर की टीमें अपने फैशन संग्रह प्रस्तुत करेंगी। शाम को अंतरराष्ट्रीय कार्निवल और ईडीएम नाइट होगी।

30 अक्टूबर को नुक्कड़ नाटक, पश्चिमी नृत्य, समूह नृत्य, मंचीय नाटक, अंतराग्नि आइडल और मिस्टर एंड मिस अंतराग्नि के शुरुआती दौर होंगे। कविता पाठ, रचनात्मक लेखन, खेल प्रश्नोत्तरी और एनीमे प्रतियोगिता ‘एनिकॉन’ भी आयोजित की जाएगी। दिन का प्रमुख आकर्षण बॉलीवुड नाइट होगी।

31 अक्टूबर को नृत्य, संगीत, रंगमंच और साहित्य की प्रतियोगिताओं के अंतिम दौर होंगे। फैशन शो ‘ऋतम्भरा’ के निर्णायक मंडल में आयशा ऐमन, करण ओबेरॉय और रशालिका सबरवाल शामिल होंगी। हास्य प्रतियोगिता ‘कॉमिक कौन’ का मूल्यांकन कृष्णा पांडे करेंगे। शाम को हिप-हॉप नाइट होगी।

एक नवंबर को नुक्कड़ नाटक, अंतराग्नि आइडल और अन्य प्रतियोगिताओं के फाइनल होंगे। फिल्म निर्माण प्रतियोगिता की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। निर्णायकों में वृत्तचित्र फोटोग्राफर विक्की रॉय और फिल्म निर्माता त्रिपर्णा बनर्जी शामिल होंगी। महोत्सव का समापन कलर रन और फ्यूजन नाइट के साथ होगा।

इस वर्ष एलईडी नृत्य, जापानी क्विलिंग, मॉडल यूनाइटेड नेशंस और टर्नकोट जैसी नई प्रतियोगिताएं भी शामिल की गई हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में देशभर के 70 से अधिक कलाकार और विशेषज्ञ निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story