मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर, 28-29 नवंबर को फिर चलेगा विशेष अभियान 

WhatsApp Channel Join Now

प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, नाम की ऑनलाइन जांच और पंजीकरण की भी सुविधा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत नागरिकों को मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने तथा छूटे हुए नाम जुड़वाने का एक और अवसर मिलेगा। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को प्रदेशभर में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी 1.73 लाख बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। नागरिक अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम की जांच कर सकेंगे और नाम नहीं होने पर फार्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवसों में जो नागरिक किसी कारणवश अपने मतदेय स्थल तक नहीं पहुंच सके, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। आगामी 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को भी अभियान चलाया जाएगा। इन दोनों दिनों में बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आलेख्य मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में आवेदन फार्मों के साथ बूथों पर उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के लिए जरूरी है। ऐसे में सभी पात्र नागरिक समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी अलग-अलग जिलों में पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, मतदाता सूची और आवेदन फार्मों की उपलब्धता, बूथ लेवल एजेंटों की सहभागिता तथा मतदाता सहायता डेस्क की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण, बीएलओ के घर-घर संपर्क, 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' के लंबित मामलों तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान की प्रगति की जानकारी ली। बीएलओ को निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। लंबित प्रकरणों का भी नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

मतदाता सूची में नाम की जांच ऑनलाइन भी की जा सकती है। इसके लिए नागरिक निर्वाचन आयोग के सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 और मतदाता विवरण में संशोधन अथवा पता बदलने के लिए फार्म-8 भरना होगा। नागरिक विशेष अभियान दिवसों का इंतजार किए बिना निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21932 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story