श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पर धूमधाम से मनाया गया अन्नकूट-छप्पनभोग महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पर धूमधाम से मनाया गया अन्नकूट-छप्पनभोग महोत्सव


मथुरा, 10 नवम्बर (हि.स.)। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा यानी मंगलवार शाम को मथुरा के श्रीकृष्ण-जन्मस्थान के पवित्र प्रांगण में परंपरागत अन्नकूट-छप्पनभोग महोत्सव अत्यंत धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।

प्रातःकाल से ही श्रीकृष्ण-जन्मस्थान परिसर में इस पावन उत्सव को लेकर विशेष रौनक छाई रही। भगवान श्री गिरिराज जी के संपूर्ण प्रांगण को आकर्षक फूलों, पत्तियों और गुलदस्तों से भव्य रूप से सजाया गया था। भागवत-भवन में स्थित श्रीराधाकृष्ण एवं श्रीकेशवदेव मंदिर प्रांगण स्थित श्री गिरिराज जी के श्रीविग्रह को दिव्य छप्पनभोग अर्पित किया गया, जिसके अलौकिक दर्शन कर देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। ठाकुरजी के इस भव्य शृंगार और पुष्प-बंगले की छटा ने हर किसी का मन मोह लिया।

मंगला और अन्नकूट अनुष्ठान के तहत, मंगलवार सुबह मंदिर के पुजारियों द्वारा श्री गिरिराज जी का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके उपरांत, श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल के रसिक भक्तों द्वारा मधुर भजन-गायन और संकीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। अनुष्ठान के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच वृहद रूप से महाप्रसाद का वितरण किया गया। ठाकुरजी के दर्शन और प्रसाद पाने के लिए प्रवेश द्वारों तथा मंदिर प्रांगण में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। इस दौरान संपूर्ण श्रीकृष्ण-जन्मस्थान परिसर श्री गिरिराज जी के जयकारों से गूंज उठा। इस भव्य और सफल आयोजन को संपन्न कराने में श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा, जो पूर्ण मनोयोग से व्यवस्था में जुटे रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775054 Articles

Share this story