बम्हरौली में बनेगा अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय, बेजुबान पशुओं को मिलेगा नया जीवन

WhatsApp Channel Join Now

झांसी, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्रिमंडल बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में झांसी जनपद के ग्राम बम्हरौली में गौ आश्रय स्थल एवं अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय की स्थापना को मंजूरी प्रदान की गई है। यह परियोजना दया भावना फाउंडेशन के साथ किए गए एमओयू के तहत विकसित की जाएगी। इसके अंतर्गत सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई पांच एकड़ भूमि पर फाउंडेशन अपने संसाधनों से आधुनिक गौ आश्रय स्थल और पशु उपचार अस्पताल का निर्माण करेगा।

इस महत्वपूर्ण परियोजना के पीछे विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह के लगभग ढाई वर्षों के सतत प्रयासों को अहम माना जा रहा है। इस अस्पताल की स्थापना से झांसी सहित आसपास के जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले पशुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।

अस्पताल में हाइड्रोलिक एम्बुलेंस, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच मशीन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही गंभीर मामलों में पशुओं की सर्जरी की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे पशु चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

वर्ष 2023 में जैन मुनि अविचल सागर महाराज ने क्षेत्र में घायल गौवंश के उपचार हेतु भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद सभापति ने मुख्यमंत्री से भेंट कर इस योजना को प्राथमिकता दिलाई। लगातार प्रयासों और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने के बाद अंततः कैबिनेट ने 3 जून 2016 के शासनादेश को शिथिल करते हुए इस परियोजना का मार्ग प्रशस्त किया। इस निर्णय से क्षेत्र में पशु कल्याण और गौ संरक्षण को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story