अनिल यादव के भाजपा में शामिल होने से बबेरू में बदलेगा सियासी समीकरण ?

WhatsApp Channel Join Now
अनिल यादव के भाजपा में शामिल होने से बबेरू में बदलेगा सियासी समीकरण ?


सपा के मजबूत गढ़ में भाजपा ने चला यादव कार्ड

बांदा, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बबेरू विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में आने वाले दिनों में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, समाजसेवी और पूर्व सीबीआई अधिकारी अनिल यादव के बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। खासकर यादव बहुल माने जाने वाले बबेरू विधानसभा क्षेत्र में उनके इस राजनीतिक बदलाव को भाजपा की नई रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के बीच अब यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि भाजपा अनिल यादव के जरिए सपा के मजबूत जनाधार में सेंध लगाने की कोशिश कर सकती है।

लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अनिल यादव ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और दयाशंकर सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने उन्हें पार्टी का पटका और माला पहनाकर स्वागत किया तथा प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराई।

भाजपा में शामिल होने के बाद अनिल यादव ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भयमुक्त एवं अपराधमुक्त सुशासन से प्रभावित हैं। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। पार्टी नेतृत्व ने भी उनके आने से बबेरू विधानसभा सहित पूरे बांदा जिले में संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई है।

सीबीआई की नौकरी छोड़ राजनीति में आए थे अनिल यादव

अनिल यादव का राजनीतिक सफर भी दिलचस्प रहा है। वर्ष 2015 में सीबीआई की नौकरी से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने सामाजिक कार्यों में सक्रियता बढ़ाई। अक्टूबर 2020 में तत्कालीन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद वह सपा की राजनीति से जुड़े रहे, लेकिन अब उन्होंने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। उनके पिता बीपी यादव समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। ऐसे में उनके भाजपा में जाने को महज एक नेता का दल परिवर्तन नहीं, बल्कि बबेरू के राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

विशंभर सिंह यादव के सामने भाजपा की नई रणनीति

बबेरू विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक विशंभर सिंह यादव की मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनका अपना राजनीतिक जनाधार है। इससे पहले यहां कम्युनिस्ट पार्टी के देव कुमार यादव भी चार बार विधायक रह चुके हैं। इससे क्षेत्र में यादव मतदाताओं के राजनीतिक प्रभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

अब तक भाजपा के सामने इस क्षेत्र में सपा के यादव नेतृत्व के मुकाबले मजबूत स्थानीय यादव चेहरे की चुनौती रही है। अनिल यादव के पार्टी में शामिल होने के बाद भाजपा को एक ऐसा चेहरा मिल सकता है, जिसकी सामाजिक और राजनीतिक पहचान बबेरू क्षेत्र में है। सीबीआई अधिकारी के रूप में उनका प्रशासनिक अनुभव और समाजसेवी के तौर पर लोगों के बीच सक्रियता भाजपा के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

हालांकि राह आसान नहीं होगी वरिष्ठ पत्रकार ओम तिवारी का मानना है कि अनिल यादव के भाजपा में आने से पार्टी को निश्चित रूप से एक नया चेहरा मिला है, किंतु केवल किसी नेता के दल बदलने से मतदाताओं का रुझान बदलना आसान नहीं होता। बबेरू में विशंभर सिंह यादव की वर्षों से बनी राजनीतिक पकड़, स्थानीय जातीय समीकरण और मतदाताओं के बीच उनकी स्वीकार्यता भाजपा के लिए बड़ी चुनौती होगी। अनिल यादव को भी अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता को संगठनात्मक ताकत में बदलने के साथ ही मतदाताओं का भरोसा हासिल करना होगा।

फिलहाल उनके भाजपा में शामिल होने से बबेरू विधानसभा की राजनीति में नई चर्चाओं ने जन्म ले लिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इस नए चेहरे को संगठन में क्या जिम्मेदारी देती है और आने वाले चुनाव में अनिल यादव सपा के मजबूत राजनीतिक आधार को कितनी चुनौती दे पाते हैं। इतना तय है कि उनके भाजपा में आने से बबेरू की सियासत में यादव मतदाताओं को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775579 Articles

Share this story