नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध पर महिलाओं में आक्रोश, 25 से 28 अप्रैल तक चलेगा अभियान : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध पर महिलाओं में आक्रोश, 25 से 28 अप्रैल तक चलेगा अभियान : प्रकाश पाल


कानपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के अधिकारों को सशक्त करने की ऐतिहासिक पहल है, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर महिलाओं का अपमान किया है। देशभर की महिलाओं में इसको लेकर गहरा आक्रोश है और अब भाजपा इस सच्चाई को जन-जन तक पहुंचाएगी। 25 से 28 अप्रैल तक महिला जन आक्रोश अभियान के माध्यम से विपक्ष को बेनकाब किया जाएगा। महिलाओं की भागीदारी से यह अभियान व्यापक जनजागरण का रूप लेगा। यह बातें बुधवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में बड़ा कदम है, जिसका देशभर में स्वागत हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर महिलाओं के हितों की अनदेखी की। इसी के विरोध में भाजपा द्वारा महिला जन आक्रोश अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत 27 अप्रैल तक जिला स्तर पर प्रेस वार्ताएं आयोजित की जाएंगी, वहीं जिला मुख्यालयों पर महिला जन आक्रोश सम्मेलन होंगे। इनमें प्रबुद्ध वर्ग की महिलाएं, शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगी। कई स्थानों पर विपक्ष के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।

प्रत्येक मंडल में महिला जन आक्रोश मार्च निकाला जाएगा, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, महिला कार्यकर्ता और छात्राएं शामिल होंगी। स्थानीय निकायों में विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर उन्हें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री कार्यालय और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story