मुस्लिमों को ठगती रहीं सपा, बसपा और कांग्रेस, भाजपा सरकार ने दिया योजनाओं का लाभ : अनस उस्मानी

WhatsApp Channel Join Now
मुस्लिमों को ठगती रहीं सपा, बसपा और कांग्रेस, भाजपा सरकार ने दिया योजनाओं का लाभ : अनस उस्मानी


कानपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सपा, बसपा और कांग्रेस ने मुस्लिमों को बरगलाकर उनका वोट लेने का काम किया, लेकिन उनके हितों की चिंता नहीं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ मुस्लिम समाज को भी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम समाज बढ़-चढ़कर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगा। यह बातें शनिवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनस उस्मानी ने कानपुर में अपने प्रथम आगमन पर स्वागत समारोह के दौरान कही।

अनस उस्मानी के कानपुर पहुंचने पर जाजमऊ गंगा पुल से लेकर उनके आवास तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। जाजमऊ गंगा पुल पर स्वागत के बाद नई चुंगी, गल्ला गोदाम, पंडित उपवन के सामने, नया गंज मेट्रो, फूलबाग चौराहा, नवीन मार्केट चौराहा और बकरमंडी चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।

नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा और अभिनव दीक्षित ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

इसके बाद अनस उस्मानी गुमटी स्थित गुरुद्वारे पहुंचे और दर्शन किए। विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों के बाद उनके आवास पर कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सलीम अहमद, कृष्ण दीक्षित, सिमरनजीत सिंह, परमजीत सिंह चंदौख, नाजिया असद नवाज, अमरजीत सिंह पम्मी, जावेद, माशूक खान और विपुल जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story