दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे उद्योगपति अनंत अंबानी

WhatsApp Channel Join Now
दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे उद्योगपति अनंत अंबानी


गिरिराज जी में किए दर्शन, शनिवार को वृंदावन में करेंगे बांकेबिहारी के दर्शन

मथुरा, 27 नवंबर(हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी मथुरा और ब्रजभूमि में शुक्रवार देरसांय को उस समय विशेष हलचल बढ़ गई, जब देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी दो दिवसीय दौरे पर गोवर्धन पहुंचे। उनके इस ब्रज आगमन को लेकर धार्मिक और सुरक्षा के स्तर पर पुख्ता तैयारियां की गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनंत अंबानी ने शुक्रवार शाम को गोवर्धन के जतीपुरा स्थित गिरिराज महाराज के मुखारबिंद मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गिरिराज महाराज के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट करते हुए उनकी परिक्रमा भी की। उन्हें देखने और उनकी एक झलक पाने के लिए क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

गोवर्धन में दर्शन-पूजन के पश्चात अनंत अंबानी मथुरा में ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद शनिवार सुबह उनका वृंदावन पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वे विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन कर ठाकुरजी के समक्ष पूजा-अर्चना करेंगे और आशीर्वाद लेंगे। उद्योगपति के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए गोवर्धन से लेकर वृंदावन तक के सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के अत्यंत कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उनकी मौजूदगी को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्सुकता देखने को मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784481 Articles

Share this story