अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धामपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूर्ण, शीघ्र होगा लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धामपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूर्ण, शीघ्र होगा लोकार्पण


अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धामपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूर्ण, शीघ्र होगा लोकार्पण


वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने दी जानकारी

मुरादाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेल द्वारा देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, यात्री-अनुकूल एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल स्थित धामपुर रेलवे स्टेशन (जनपद-बिजनौर) का व्यापक पुनर्विकास कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। स्टेशन पर सभी निर्धारित विकास कार्य पूरे हो चुके हैं तथा शीघ्र ही इसके लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि धामपुर शहर का एक समृद्ध इतिहास रहा है। सन् 1933 में मात्र 300 टन प्रतिदिन की पेराई क्षमता के साथ शुरू हुई 'धामपुर शुगर मिल' आज भारतीय चीनी उद्योग का एक बड़ा नाम है। वर्तमान में धामपुर रेलवे स्टेशन माल ढुलाई और यात्रियों, दोनों के लिए एक लाइफलाइन है।

धामपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। स्टेशन भवन का आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप विकसित किया गया है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था, उन्नत प्रतीक्षालय, स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएँ, यात्री सूचना प्रणाली, उच्च गुणवत्ता वाले साइनेज, सुगम आवागमन हेतु बेहतर परिसंचरण क्षेत्र तथा स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण किया गया है। इसके अतिरिक्त हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक पौधारोपण एवं लैंडस्केपिंग का कार्य भी किया गया है।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों से धामपुर रेलवे स्टेशन न केवल अधिक आकर्षक एवं आधुनिक बना है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव भी प्राप्त होगा।

स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान एवं स्थानीय विरासत की झलक भी प्रस्तुत करता है।

मुरादाबाद मंडल द्वारा स्टेशन पर सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कर लिए गए हैं। अब केवल लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन शेष है, जिसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story