केशव प्रसाद मौर्य ने अमित शाह से की मुलाकात, मिशन 2027 पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
केशव प्रसाद मौर्य ने अमित शाह से की मुलाकात, मिशन 2027 पर हुई चर्चा


लखनऊ, 25 सितंबर (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस उच्चस्तरीय बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक कार्य तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

2027 में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का संकल्पबैठक के उपरांत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक तीसरी बार सरकार बनाने के दृढ़ संकल्प को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री के साथ विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। श्री मौर्य ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश भर में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर 'डबल इंजन' सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाएंगे। डबल इंजन सरकार की योजनाओं से किस प्रकार आम जनमानस और गरीब परिवारों का जीवन सुखमय, समृद्ध और सशक्त हुआ है, इसे प्रत्येक नागरिक तक साझा किया जाएगा। इसके साथ ही, 'विकसित भारत 2047' के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति हेतु भाजपा का नेतृत्व क्यों अनिवार्य है, यह संदेश भी जन-जन तक ले जाया जाएगा।

12 वर्षों में बदल गई देश की तस्वीर केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनहितैषी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जो ऐतिहासिक कार्य विपक्ष 70 वर्षों के शासन में नहीं कर सका, वह प्रधानमंत्री जी ने बीते 12 वर्षों में धरातल पर साकार करके दिखा दिया है। पक्के आवास, नि:शुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला, हर घर नल से जल, पारदर्शी डीबीटी प्रणाली और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण से देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का जीवन संवरा है। आज भारत जिस तेज गति से आर्थिक महाशक्ति और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, उसे देखते हुए देश का कायाकल्प करने और विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने के लिए नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व देश की सर्वोच्च आवश्यकता है।

अमित शाह का जताया आभारमुलाकात के समापन पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कुशल रणनीतिकार एवं केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का मार्गदर्शन, सांगठनिक दृष्टि और ऊर्जावान परामर्श हमेशा संगठन और सरकार को नई दिशा व गति प्रदान करता है। इस मार्गदर्शन व स्नेह के लिए उन्होंने अमित शाह का धन्यवाद ज्ञापित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story