विनियमितिकरण लटका तो सड़कों पर उतरेंगे अमीन, भ्रष्टाचार का आरोप : वीरेन्द्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
विनियमितिकरण लटका तो सड़कों पर उतरेंगे अमीन, भ्रष्टाचार का आरोप : वीरेन्द्र कुमार


कानपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। सीजनल संग्रह अमीनों व अनुसेवकों के साथ वर्षों से अन्याय हो रहा है और उनकी विनियमितिकरण की फाइल जानबूझ कर दबाई गई है। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कर्मचारी अब उम्र के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं, फिर भी उन्हें स्थायी दर्जा नहीं मिल रहा है। भ्रष्टाचार के चलते उनकी मेहनत और अधिकारों को नजरअंदाज किया जा रहा है। जल्द कार्रवाई न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, यह बातें सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कही।

राजस्व संग्रह सीजनल अमीन कर्मचारी सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनरतले सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में सीजनल संग्रह अमीनों व अनुसेवकों ने धरना प्रदर्शन किया। विनियमितिकरण की लम्बित प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि तत्कालीन जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के कार्यकाल में विनियमितिकरण की प्रक्रिया शुरू की गई थी और राजस्व परिषद से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर लिया गया था। इसके बावजूद उनके स्थानांतरण के बाद संबंधित पत्रावली को दबा दिया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान जिलाधिकारी को कई बार मांग पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

जिलाध्यक्ष प्रवीण वाजपेयी ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द विनियमितिकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान संजय श्रीवास्तव, सुरेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र त्रिवेदी, देवेन्द्र कुमार, योगेश कुमार, महावीर कुरील, बालक राम, दशरथ और विमल शंकर सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story