अमेठी : विषैले जंतु के काटने से युवक की तीन दिन बाद मौत

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी : विषैले जंतु के काटने से युवक की तीन दिन बाद मौत


अमेठी, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शिवरतनगंज थाना क्षेत्र निवासी युवक की विषैले जंतु के काटने के तीन दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा शिवरतनगंज निवासी रजनीश कुमार दीक्षित उर्फ अतुल (28) पुत्र गिरीश चंद्र दीक्षित राजाफत्तेपुर कस्बे के आनंद नगर चौराहे पर कंप्यूटर सेंटर चलाते थे। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को अतुल को किसी विषैले जंतु ने काट लिया था। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए ले गए। इलाज के बाद जब उसकी हालत में सुधार दिखाई दिया तो परिजन उन्हें घर लेकर वापस आ गए। गुरुवार को अतुल अपने कंप्यूटर सेंटर पर पहुंचे। सेंटर पर मौजूद साथियों के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत खराब होती देख साथियों ने उन्हें तत्काल तिलोई स्थित स्वशासी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पिता गिरीश चंद्र दीक्षित लखनऊ से घर के लिए रवाना हो गए। अचानक हुई इस मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। वहीं, विषैले जंतु के काटने के बाद तीन दिन तक युवक की तबीयत ठीक रहने और फिर अचानक बिगड़ने की घटना से लोग भी स्तब्ध हैं।

शिवरतनगंज थाने के प्रभारी दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि घटना जानकारी है। मामले आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story