अमेठी में सर्पदंश से महिला की मौत
अमेठी, 27 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जनपद अंतर्गत रामगंज थाना क्षेत्र के अल्पी तिवारी का पुरवा मजरे खरगीपुर निवासी शकुंतला देवी की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार, शकुंतला देवी (55) घर के पास स्थित उपली के ढेर के पास गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद सर्प ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल सुल्तानपुर ले गए। जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रामगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रामराज कुशवाहा ने गुरुवार को बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

