चटाई के नीचे छिपे सांप ने महिला काे काटा, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
चटाई के नीचे छिपे सांप ने महिला काे काटा, इलाज के दौरान मौत


अमेठी, 26 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जनपद अंतर्गत मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे ओरीराम, खौदिया गांव में बुधवार को सर्पदंश से एक महिला की माैत हाे गई है। पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

कोतवाल विवेक कुमार सिंह ने बताया कि खौदिया गांव निवासी कीर्ति मिश्रा (28) पत्नी अनिल कुमार मिश्रा बुधवार को अपने कमरे में पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान कमरे में बिछी चटाई के नीचे छिपे सांप ने उन्हें डंस लिया। सांप के डंसते ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को घटना की जानकारी होते ही उन्होंने तत्काल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुसाफिरखाना पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सुल्तानपुर रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर सुल्तानपुर पहुंचे, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन बेहतर उपचार की उम्मीद में उसे लखनऊ लेकर गए। लखनऊ में चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार चल रहा था। इसी दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।

काेतवाल ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है परिजनों से बात की जा रही है। जैसा वह चाहेंगे उसी के हिसाब से आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story