राजा की बावली में गिरने से अज्ञात वृद्ध महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
राजा की बावली में गिरने से अज्ञात वृद्ध महिला की मौत


अमेठी, 10 जुलाई (हि.स.)। अमेठी जनपद के मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित रामनगर में ग्लोबल स्कूल के सामने स्थित प्रसिद्ध राजा की बावली में शुक्रवार को गिरने से एक अज्ञात वृद्ध महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

मुंशीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि, मैनापुर मजरा सरायखेमा निवासी ग्राम प्रहरी अनिल यादव ने थाना मुंशीगंज पर सूचना दी कि 65 वर्षीय एक अज्ञात महिला दर्शनीय राजा की बावली में गिरकर डूब गई है।

यह बावली ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थल होने के कारण यहां लोग अक्सर घूमने और देखने आते हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को बावली से बाहर निकाला गया। इसके बाद आसपास के लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस, गौरीगंज भेज दिया है। मृतका की पहचान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story