अमेठी: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत


अमेठी, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जनपद अंतर्गत सिंहपुर क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे में मंगलवार रात करीब 1१ बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अहोरवा भवानी की ओर से एक राइडर बाइक आ रही थी। इसी दौरान इन्हौना की तरफ से आ रही हीरो पैशन प्लस बाइक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने नागेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल यशराज और रमाशंकर को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। बाद में उपचार के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।

शिवरतनगंज थाने के प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बुधवार को बताया कि मृतकों की पहचान यशराज (18) निवासी अकबरपुर फर्सी, रमाशंकर (28) निवासी गोधना मजरे दान्दूपुर, थाना शिवरतनगंज और नागेश (20) निवासी शहादतगंज मजरे डांगी बरवलिया, थाना इन्हौना के रूप में हुई है। हादसे में तीनो युवकों के मौत की खबर उनके परिवारजनों को दे दी गईं है। घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782746 Articles

Share this story