भाजपा छोड़कर प्रवीण सिंह हजारों कार्यकर्ताओं संग बसपा में शामिल
अमेठी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले की अमेठी विधानसभा में संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से गुरुवार काे विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, एमएलसी सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) से छाेड़कर बसपा ज्वाइन की है।
मीडिया से बातचीत करते हुए विश्वनाथ पाल ने कहा कि अमेठी में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा नेता नेता व भादर के ब्लॉक प्रमुख प्रवीण सिंह के नेतृत्व में कई हजार लोगों ने भाजपा और सपा छोड़कर बसपा की सदस्यता ग्रहण की है। इससे पार्टी को अमेठी में बड़ी राजनीतिक ताकत मिलेगी। संविधान दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए विश्वनाथ पाल ने कहा कि भारतीय संविधान के प्रति पूरी ईमानदारी से चलने वाली पार्टी बसपा है। उन्होंने कहा कि दूसरी राजनीतिक पार्टियां चुनाव के समय अपना-अपना घोषणा पत्र जारी करती हैं, लेकिन बसपा का मानना है कि सत्ता में आने पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए भारतीय संविधान को ही अपना घोषणा पत्र मानकर लागू किया जाएगा।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव में विदेश से काला धन वापस लाने, लोगों के खाते में 15-20 लाख रुपये भेजने, बुलेट ट्रेन चलाने, अच्छे दिन लाने और दो करोड़ नौकरियां देने जैसे वादे किए गए थे। लेकिन जब इन वादों को लेकर सवाल उठाए जाते हैं तो उन्हें जुमला बता दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बसपा जुमलेबाजी की राजनीति नहीं करती. पार्टी सत्ता में आने पर संविधान को पूरी ईमानदारी से लागू कर देश के विकास का काम करेगी।
समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए विश्वनाथ पाल ने कहा कि पीडीए का मतलब धोखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए केवल वोट हासिल करने का नारा है। उनका कहना है कि, क्या इस फॉर्मूले के तहत पिछड़ों, दलितों, पंडितों और अल्पसंख्यकों को वास्तविक प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है। उन्होंने सपा के सांसदों के चयन पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि जनता अब इस राजनीति को समझ रही है।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी प्रमुख मायावती सरकार बनाने की रणनीति पूरी मजबूती से तैयार कर चुकी हैं। कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में बसपा सरकार बनाने का काम करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

