25 हजार रुपये की रिश्वत के आरोप में घिरे दरोगा निलंबित, एसपी ने की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
25 हजार रुपये की रिश्वत के आरोप में घिरे दरोगा निलंबित, एसपी ने की कार्रवाई


अमेठी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र की रिपोर्टिंग चौकी शाहगढ़ के एक गांव से जुड़े साहिल कोरी प्रकरण में 25 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांगने के आरोप में घिरे मुंशीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह चंदेल को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने निलंबित कर दिया है। आरोपों की जांच में पुष्टि होने के बाद एसपी ने यह कार्रवाई की है। मामले की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी अमेठी को सौंपी गई है।

प्रकरण से जुड़े कथित लेनदेन का ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया था। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। साहिल कोरी पर एक नाबालिग किशोरी को भगाकर ले जाने का आरोप लगा था। इसी मामले में उपनिरीक्षक पर साहिल के परिजनों से से 25 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है ।

कथित रिश्वत मांगने के आरोप सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले की जांच कराई। बुधवार को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने आरोपों की जांच में पुष्टि होने पर उपनिरीक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई की। साथ ही प्रकरण की आगे की जांच क्षेत्राधिकारी अमेठी को सौंप दी गई है। अब क्षेत्राधिकारी अमेठी मामले से जुड़े आरोपों और अन्य तथ्यों की विस्तृत पड़ताल करेंगे। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिजनों का कहना है कि यदि सही से जांच हुई तो वसूली के नाम पर दबाव बनाने वाले और भी कई नाम सामने आएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764671 Articles

Share this story