तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने गनमैन को मारी टक्कर, मौत

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने गनमैन को मारी टक्कर, मौत


अमेठी, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में रामगंज थाना क्षेत्र के रामगंज कस्बे में बुधवार सुबह तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने ड्यूटी से घर लौट रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान मोहन लाल मौर्य (55) निवासी शंकरपुर, पोस्ट सूर्यगढ़ मकुनपुर, थाना कोहंडौर, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। मोहन लाल सुल्तानपुर स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी में गनमैन के रूप में कार्यरत थे और ड्यूटी पूरी कर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रामगंज बाजार में एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल को सीएचसी रामगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए।

रामगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रामराज कुशवाहा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए गौरीगंज भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story