बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत
अमेठी, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हरदोईया गांव निवासी अशोक कुमार (38) पुत्र राम बहादुर साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के डारीडीहा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बेहाल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मुसाफिरखाना कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हादसे में शामिल मोटरसाइकिल और उसके चालक की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

