तीन दिन से लापता अधेड़ की नाले में मिली लाश ,जाँच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
तीन दिन से लापता अधेड़ की नाले में मिली लाश ,जाँच में जुटी पुलिस


तीन दिन से लापता अधेड़ की नाले में मिली लाश ,जाँच में जुटी पुलिस


अमेठी, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे रजावन मजरे खानापुर चपरा गांव निवासी राम लखन गौतम (52) का शव बुधवार को रामशाला मजरे छतहुवां के पास नईया नाले में पेड़ से फंसा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुट गई।

राम लखन गौतम बीते रविवार की शाम घर से शंकरगंज बाजार सामान लाने की बात कहकर निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। राम लखन के घर वापस न आने पर परिजनों ने पहले गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पूरी रात खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन पत्नी सुशीला देवी और बेटे आशीष ने शंकरगंज बाजार, आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में भी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सुशीला देवी ने मोहनगंज थाने में लिखित प्रार्थनापत्र देकर गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार को ग्रामीणों को राम लखन गौतम की लाश रामशाला मजरे छतहुवां के पास नईया नाले में किनारे एक पेड़ में फंसा दिखाई दिया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान राम लखन गौतम के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। राम लखन गांव में रहकर मेहनत-मजदूरी करने के साथ खेती-बाड़ी भी करते थे। उनके पांच बच्चे हैं। इनमें बेटा आशीष (18), बेटियां आरती (25), काजल (14), आंचल (11) और सेजल (7) शामिल हैं। बड़ी बेटी आरती की शादी करीब तीन वर्ष पहले रास्तामऊ में हुई थी। इसके बावजूद घर के चार बच्चों की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधे पर थी।

मोहनगंज कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story