अमेठी में 12वीं की नाबालिग छात्रा लापता, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी में 12वीं की नाबालिग छात्रा लापता, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज


अमेठी, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के जनपद अमेठी के कोतवाली क्षेत्र से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार छात्रा 24 जुलाई की सुबह घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपने मामा के घर जा रही है, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। जब वह मामा के घर भी नहीं पहुंची तो परिवार की चिंता बढ़ गई और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर कई दिनों तक छात्रा की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिवार का कहना है कि छात्रा के पास निजी मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे उससे संपर्क करना या उसकी लोकेशन का पता लगाना संभव नहीं हो सका। काफी प्रयासों के बाद भी छात्रा का पता न चलने पर 28 जुलाई को उसकी मां ने कोतवाली अमेठी पहुंचकर लिखित तहरीर दी ।

अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बुधवार को बताया कि मामले की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए मां की तहरीर के आधार पर मंगलवार को ही तत्काल बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा के संभावित ठिकानों, आने-जाने के रास्तों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच की जा रही है। छात्रा की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय होकर विभिन्न स्थानों पर जांच एवं खोजबीन कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story