बुखार से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची की मौत, डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
बुखार से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची की मौत, डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप


बुखार से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची की मौत, डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप


अमेठी, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में बुखार से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची की दवा खाने के कुछ देर बाद अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका की मां ने कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पर बैठे डॉक्टर पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर मां ने कमरौली थाने में तहरीर देकर डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शुकुल बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरहरगढ़ मठ, मजरे ऊंचगांव निवासी करिश्मा पत्नी बब्लू के अनुसार, शुक्रवार सुबह उनकी सात वर्षीय पुत्री सौम्यी को बुखार था। बच्ची की तबीयत खराब होने पर वह उसे लेकर कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पहुंचीं। वहां डॉक्टर जावेद से बच्ची का इलाज कराया और दवा ली। डॉक्टर से दवा लेने के बाद वह करीब आठ बजे बच्ची को लेकर अपने घर लौट आईं। करिश्मा का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद बच्ची को डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा दी गई। करीब 10 बजे दवा देने के कुछ देर बाद अचानक बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। उसकी नाक से झाग आने लगा और वह गंभीर स्थिति में पहुंच गई। बच्ची की हालत बिगड़ती देखकर परिजन घबरा गए और उसे लेकर तत्काल डॉक्टर के पास पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत देखकर डॉक्टर ने उसे तत्काल सूर्या अस्पताल ले जाकर भर्ती कराने की सलाह दी। परिवार के लोग बच्ची को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि कुछ ही मिनट बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। देखते ही देखते बच्ची ने दम तोड़ दिया। सात वर्षीय बेटी की अचानक मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतका की मां करिश्मा ने कमरौली थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि डॉक्टर द्वारा गलत दवा दिए जाने और उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी बेटी की मौत हुई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम पूरे प्रकरण की जांच करेगी और उपलब्ध चिकित्सा संबंधी तथ्यों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी। सीएमओ ने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, कमरौली थानाध्यक्ष मुकेश पटेल ने शनिवार को बताया कि बच्ची की मां की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story