अमेठी : परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी : परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी


अमेठी : परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी


अमेठी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर बुधवार को जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्थलीय निरीक्षण अभियान चलाया गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं जिला समन्वयक एमडीएम ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, स्वाद, स्वच्छता एवं पौष्टिकता की जांच की। अधिकारियों ने रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, बर्तनों की स्वच्छता, हाथ धुलाई की व्यवस्था और भोजन परोसने की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला समन्वयक एमडीएम ने गौरीगंज के प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर तथा बीएसए संजय तिवारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरीगंज में बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन ग्रहण किया।

निरीक्षण के दौरान भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तायुक्त पाया गया। अधिकारियों ने प्रधानाध्यापकों एवं रसोइयों को निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न आने पाए तथा मेनू के अनुसार ताजा एवं पौष्टिक भोजन के साथ बच्चों को फल और दूध भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।

बीएसए संजय तिवारी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की नियमित निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story