विवाहिता की संदिग्ध मौत, दीवाल के कालम से लटका मिला शव।

WhatsApp Channel Join Now
विवाहिता की संदिग्ध मौत, दीवाल के कालम से लटका मिला शव।


अमेठी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पीपरपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में मंगलवार सुबह रोशनी (23) का शव घर की छत पर खड़े कॉलम से साड़ी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। मृतका की मां विमला ने ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, रोशनी ने करीब एक साल पहले घर से चले जाने के बाद हीरापुर निवासी राहुल कुमार पुत्र सताऊ से प्रेम विवाह किया था। राहुल सटरिंग का काम करता है। सोमवार को रोशनी अपने पति और ससुरालीजनों के साथ कालिकन धाम गई थी, जहां उसके जेठ के बेटे का मुंडन संस्कार हुआ। बताया जा रहा है कि लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। मंगलवार सुबह रोशनी का शव लटका मिलने पर डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतका का मायका अमेठी जिले के बासूपुर, बसहूं गांव है । उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी और उसका कोई भाई नहीं है। बेटी की मौत की खबर सुनकर मौके पर पहुंचीं विमला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर उसकी हत्या की गई है।

पीपरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, रोशनी की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759831 Articles

Share this story