अमेठी के प्राइवेट नर्सिंग होम में फर्श के पोछे से मरीज का बेड साफ करने का वीडियो वायरल, सीएमओ ने दिए जांच के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी के प्राइवेट नर्सिंग होम में फर्श के पोछे से मरीज का बेड साफ करने का वीडियो वायरल, सीएमओ ने दिए जांच के निर्देश


अमेठी के प्राइवेट नर्सिंग होम में फर्श के पोछे से मरीज का बेड साफ करने का वीडियो वायरल, सीएमओ ने दिए जांच के निर्देश


अमेठी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित प्राइवेट नर्सिंग होम ओम साई हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर का एक वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक महिला सफाईकर्मी फर्श पर पोछा लगाने के बाद उसी पोछे से मरीज के बेड की सफाई करती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो अस्पताल में भर्ती एक मरीज के तीमारदारों ने बनाया है।

उल्लेखनीय है कि अस्पताल में महिला और पुरुष मरीजों के उपचार के साथ प्रसव भी कराया जाता है। ऐसे में सफाई के इस तरीके ने संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मरीजों के बेड की सफाई निर्धारित स्वच्छता मानकों के अनुसार होना जरूरी है, ताकि संक्रमण फैलने का जोखिम कम किया जा सके। बताया जाता है कि अस्पताल में डॉ. एसएन सिंह और डॉ. मनीषा सिंह मरीजों का इलाज करते हैं। प्रसव के बाद नवजात शिशुओं को भी मां के साथ वार्ड में रखा जाता है, जिससे अस्पताल में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण की जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो जाती है।

मामले में अमेठी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि ओम साई हॉस्पिटल उनके कार्यालय में पंजीकृत है। उन्होंने वायरल वीडियो के मामले में जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

अब स्वास्थ्य विभाग की जांच पर नजरें टिकी हैं। यदि अस्पताल में स्वच्छता मानकों की अनदेखी की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी, यह जांच के निष्कर्षों के बाद स्पष्ट होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759859 Articles

Share this story