अयाेध्या की एसडीआरएफ टीम ने 22 घंटे बाद तालाब से खाेज निकाला मासूम का शव
अमेठी, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले की काेतवाली क्षेत्र में साेमवार काे तालाब में डूबे बच्चे काे खाेजने के लिए प्रशासन ने अयाेध्या से एसडीआरएफ टीम काे बुलाया। 22 घंटे के चले रेस्क्यू अभियान के तहत एसडीआरएफ ने देर रात काे बच्चे के शव बरामद कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
काेतवाली प्रभारी शिवकांत त्रिपाठी ने मंगलवार काे बताया कि विंध्याचल निवासी मुजीद का बेटा अनस (3) अमेठी थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 11 स्थित ग्राम कटरा राजा हिम्मत सिंह के समदिया मोहल्ले में अपने ननिहाल आया था। सोमवार को वह घर के पास खेलते समय अचानक कही गायब हो गया। आस-पड़ोस में, रिश्तेदार सब जगह खोजने के बाद भी उसका कही कुछ पता नहीं चला। वहीं, अनस को परिवार के अलावा मोहल्ले के लोग भी खोजने लगे। इस बीच सूचना पाकर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित के घर पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ली।
आसपास गली मोहल्लों तथा सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया, लेकिन बच्चे का कहीं कोई आता-पता नहीं चल सका। बच्चा जहां पर खेल रहा था वही से कुछ ही दूरी पर एक गंदा तालाब है। परिजनों ने आशंका जताई कि कही अनस खेलते—खेलते तालाब में तो नहीं गिर गया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने बच्चे को पहले अपने स्तर से तालाब में ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। एसडीआरएफ टीम ने देखा कि तालाब में दलदल बहुत है, जिसमें उनके वोट चल नहीं सकती है, फंस जाएगी। ऐसे में टीम ने कांटे डालकर अनस की तलाश शुरू कर दी। एसडीआरएफ टीम की कड़ी मशक्कत के बाद अनस के शव को बरामद कर लिया।
देर रात पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल की जांच की। परिवार से भी बातचीत कर उन्हें आश्वास्त किया। वहीं,पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि अनस के साथ कौन—कौन बच्चे खेल रहे थे और यह हादसा कैसे हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

