अमेठी : 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होंगे राकेश प्रताप सिंह

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी : 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होंगे राकेश प्रताप सिंह


अमेठी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अमेठी जनपद की सदर विधानसभा सीट गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह आगामी 14 अक्टूबर को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बुधवार की शाम को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होने की घोषणा किया है।

गौरतलब है कि नवरात्र के दौरान होने वाले सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को लेकर गौरीगंज में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित विधायक के आवास ‘मंगलम’ पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में राकेश प्रताप सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाए जाने की तैयारी है। सदस्यता ग्रहण समारोह को लेकर समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, इतनी संख्या में लोगों की मौजूदगी का दावा आयोजकों की ओर से बताया गया है। इस पूरे कार्यक्रम की पुष्टि स्वयं राकेश प्रताप सिंह ने किया है।

उल्लेखनीय है कि राकेश प्रताप सिंह को जून 2025 में समाजवादी पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया था। इसके बाद से उनकी भाजपा के साथ नजदीकी राजनीतिक गतिविधियां सामने आती रही हैं। अगस्त में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी।

अब 14 अक्टूबर को भाजपा की औपचारिक सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही राकेश प्रताप सिंह के राजनीतिक सफर का नया अध्याय शुरू होगा। गौरीगंज में प्रस्तावित इस कार्यक्रम पर स्थानीय राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story